

जांजगीर-चांपा/बम्हनीडीह। नगर में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कलशयात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
भागवत कथा के प्रथम दिन भारी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे। प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित यह धार्मिक आयोजन 13 सितंबर से 19 सितंबर तक चलेगा। इतने बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर बम्हनीडीह पुलिस ने भी चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। बम्हनीडीह थाना के नवपदस्थ थाना प्रभारी पारस पटेल ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस टीम के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस टीम लगातार मौके पर डटी हुई है, ताकि आवागमन सुचारू रहे और कथा स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो। यातायात से लेकर भीड़ मैनेजमेंट तक पुलिस की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभाल रही है।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रथम दिन ही उमड़ी भारी भीड़ ने आयोजन की भव्यता और लोगों की धार्मिक आस्था को बयां कर दिया। आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।भक्ति, आस्था और अनुशासन के संग बम्हनीडीह में अगले सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन जारी रहेगा।



