अनिरुद्धाचार्य को सुनने उमड़ रहा आस्था का सैलाब, रोजाना 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ …


चांपा-बम्हनीडीह। जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में इन दिनों बम्हनीडीह आस्था और भक्ति के विशाल केंद्र में तब्दील हो गया है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज जी के श्रीमुख से भागवत कथा का श्रवण करने जिलेभर से रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन करीब 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।

35 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला विशाल पंडाल भी पड़ रहा छोटा – कथा शुरू होने से काफी पहले ही पंडाल खचाखच भर जाता है। स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पंडाल के बाहर धूप में बैठकर कथा सुननी पड़ रही है। सड़क किनारे और आसपास के खुले स्थानों पर भी श्रद्धालु बैठकर अनिरुद्धाचार्य महाराज की कथा सुनते नजर आ रहे हैं। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंडाल के आसपास करीब दो किलोमीटर के दायरे में सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है।

बम्हनीडीह में बन रहा भक्ति और आस्था का माहौल – दूर-दराज के गांवों और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। परिवारों के साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्ग भी कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं। पंडाल के भीतर जगह नहीं मिलने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा और लोग बाहर खड़े होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। जयपुरिया परिवार द्वारा किए गए इस भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या अब इसकी व्यापकता का सबसे बड़ा प्रमाण बन गई है। जहां नजर जाती है, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ और भागवत कथा का माहौल दिखाई दे रहा है। बम्हनीडीह में चल रही यह भागवत कथा क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की भव्यता और लोगों की आस्था का बड़ा उदाहरण बनती नजर आ रही है।



