Uncategorized

मां ब्रह्मचारिणी के श्रृंगार में सजीं मां समलेश्वरी, 2500 नग चॉकलेट की माला बनी आकर्षण का केंद्र …

🔴 भक्त रघु सोनी ने हर साल की परंपरा निभाते हुए मां को अर्पित की चॉकलेट की माला, अलौकिक रूप के दर्शन कर भक्त हुए भावविभोर …

चांपा। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन चांपा नगर में चारों ओर भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में मां के जयकारे गूंज रहे हैं तथा श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर की कुलदेवी मां समलेश्वरी के मां ब्रह्मचारिणी स्वरूप के दर्शन करने बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। इस दौरान मां का आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

2500 चॉकलेट की माला मां को अर्पित – हर साल की तरह इस वर्ष भी श्रीश्याम भक्त एवं मां समलेश्वरी के सेवक रघु सोनी ने अपनी अनूठी भक्ति का परिचय देते हुए मां को लगभग 2500 चॉकलेट से तैयार माला अर्पित की। चॉकलेट की माला से सजी मां समलेश्वरी की मनमोहक छवि भक्तों को आकर्षित कर रही है। मां के दिव्य स्वरूप और सुंदर श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।

रघु सोनी हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर मां के लिए विशेष माला तैयार कर अर्पित करते हैं। इससे पहले वे मां को फलों की माला, काजू की माला और राजस्थान से मंगाई गई चूड़ियों की माला भी पहना चुके हैं। इस वर्ष उन्होंने लगभग 2500 चॉकलेट से माला तैयार कर मां के चरणों में अर्पित की है। इस कार्य मे उनके सहयोगी कलकत्ता फ्लावर के सुमन का भी योगदान रहता है।

मां के मनमोहक रूप के दर्शन कर भक्त हो रहे धन्य- चॉकलेट की माला और आकर्षक श्रृंगार से सजी मां समलेश्वरी की छवि श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। मंदिर पहुंच रहे भक्त मां के दर्शन कर आशीर्वाद मांग रहे हैं। नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना के बीच मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
श्रद्धालुओं के लिए मां का यह विशेष श्रृंगार आस्था, समर्पण और भक्ति का अनूठा उदाहरण बन गया है। नवरात्रि के दौरान मां समलेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का उत्साह लगातार बना हुआ है।

Related Articles