Uncategorized

जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, आरोपी गिरफ्तार …

img 20260923 wa00452369784219063155615 Console Corptech

चांपा। जमीन को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जमीन बैंक में बंधक होने की जानकारी छिपाकर पहले 29.70 लाख रुपये लिए और बाद में दूसरी संपत्ति के नाम पर भी 20 लाख रुपये प्राप्त किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक तहसील रोड बरपाली चौक चांपा निवासी वरुण सोमानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार हरिशंकर गुप्ता (44 वर्ष), निवासी मारुति विहार कॉलोनी चांपा, ने ग्राम पोड़ीकला स्थित 22 खसरों की कुल 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया। आरोपी ने पूरी राशि प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया।

एक जमीन का सौदा, दूसरे को कर दी बिक्रीशिकायत के अनुसार बाद में आरोपी ने उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर आरोपी कथित रूप से लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद राजस्व अभिलेखों की जांच कराने पर जमीन के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

दूसरी संपत्ति के नाम पर भी लिए 20 लाखपुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। बाद में इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इस तरह शिकायतकर्ता पक्ष से कुल 49.70 लाख रुपये प्राप्त करने का आरोप आरोपी पर लगाया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ा।
पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना चांपा स्टाफ का योगदान रहा।

Related Articles