
जांजगीर-चांपा। साइबर थाना जांजगीर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 98 हजार रुपये की ठगी के आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने NCRP पोर्टल से मिले बैंक खाते के सुराग के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के व्हाट्सएप पर 6 जून 2026 को शादी के निमंत्रण कार्ड के बहाने एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल कथित रूप से हैक हो गया और मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस केरल के मल्लपुरम जिले तक पहुंची और कोण्डोट्टी निवासी अब्दुल अजीज (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया।।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने के बाद उसे निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग करना स्वीकार किया। जांच के दौरान उसके खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध राशि मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी शिकायत गुजरात से NCRP पोर्टल पर दर्ज बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन एवं बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज जब्त कर खाते को सीज कराया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील: जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्र. उप निरीक्षक रुखसाना बानो सहित साइबर थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



