उधारी के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी, कौशल सूर्यवंशी और इतवारी सूर्यवंशी ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान देवनारायण के सिर पर पत्थर से प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना 19 नवंबर को मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस ने उसके घर की जांच की तो वह फरार मिला। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने पहले 19 नवंबर को आरोपी इतवारी सूर्यवंशी (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। वहीं, लगातार पतासाजी के बाद मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से पकड़कर जांजगीर लाया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेनदेन के विवाद में पत्थर से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और लेनदेन के मामलों में कानून हाथ में न लें तथा विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें।


