उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ की 75 महिला कार्यकर्ता संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने रवाना …

जांजगीर-चांपा। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने छत्तीसगढ़ से 75 महिला कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश रवाना हुई हैं। लखनऊ स्थित कार्यालय में 20 नवंबर को आयोजित कार्यशाला में सभी प्रवासी विस्तारकों को संगठनात्मक कार्यों और चुनावी जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण दिया गया।


इस दौरान महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती मीरा मिहिर को जौनपुर जिले के संगठनात्मक क्षेत्र मछलीशहर में जफराबाद विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दायित्व के तहत वे विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में महिला कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर रही हैं।
वे संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं तथा भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर रही हैं। पार्टी संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत महिला कार्यकर्ता क्षेत्र में संगठनात्मक संपर्क और जनसंपर्क गतिविधियों में जुटी हुई हैं।


