



चांपा। स्थानीय मोदी चौक स्थित श्री श्याम मंदिर का पच्चीसवां स्थापना दिवस प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री श्याम बाबा सेवा समिति के तत्वावधान में चार दिवसीय समारोह के रूप में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन की शुरुआत 6 मई से हुई, जो 9 मई तक चलेगा।


समारोह के तृतीय दिवस शुक्रवार को सायं 7:30 बजे से मंदिर परिसर के सामने आयोजित श्री श्याम संकीर्तन में भजन गायकों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संकीर्तन में जयपुर के सुप्रसिद्ध श्याम भजन गायक आयुष सोमानी, जांजगीर-पामगढ़ से आई भजन गायिका अभिश्री-आशी तथा चांपा के भजन गायक पंकज अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। श्याम संकीर्तन का शुभारंभ भजन गायिका अभिश्री-आशी ने गणेश वंदना से किया। इसके पश्चात उन्होंने भगवान गणेश, हनुमान जी एवं श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी। नगर के भजन गायक पंकज अग्रवाल ने भी अपनी मधुर आवाज़ से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंत में आयुष सोमानी ने देर रात तक श्याम भजनों की श्रृंखला प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।



इस अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की छवि पर आधारित भव्य श्याम दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
समारोह के अंतर्गत द्वितीय दिवस गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित ओम सिटी परिसर से श्री श्याम मंदिर तक श्याम भक्तों द्वारा भव्य निशान यात्रा निकाली गई। वहीं सखी मंडल के सहयोग से श्री श्याम नाम मेहंदी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
चार दिवसीय आयोजन का समापन शनिवार 9 मई को सुबह 9 बजे श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम पाठ के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे से मंदिर के सामने स्थित अनिल मोदी के निवास पर भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा।







