
चांपा। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस), चांपा में संचालित हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के 74 छात्र-छात्राओं ने नगर के दो अस्पतालों का शैक्षिक भ्रमण किया। 18 नवंबर को आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवाओं और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की।

हेल्थ केयर प्रशिक्षक मनोज बघेल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में कक्षा 9वीं के 31 और 10वीं के 14, कुल 45 विद्यार्थियों ने निहारिका नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल हॉस्पिटल का भ्रमण किया। वहीं कक्षा 11वीं के 12 और 12वीं के 17, कुल 29 विद्यार्थियों ने कृष्णा मल्टी स्पेशलिटी सेंटर, गौरव पथ में चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान अस्पतालों के अनुभवी चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सुरक्षा के उपाय, विभिन्न बीमारियों से बचाव, रोगों के लक्षण और उपचार की जानकारी दी। साथ ही चिकित्सा में उपयोग होने वाले उपकरणों तथा ऑपरेशन थिएटर की कार्यप्रणाली के बारे में सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। हेल्थ केयर प्रशिक्षक मनोज बघेल ने बताया कि शासन का यह व्यावसायिक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और व्यावहारिक दक्षता प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को भविष्य में करियर चयन और कार्यक्षेत्र की समझ विकसित करने में मदद मिलती है।
इस आयोजन में दोनों अस्पतालों के चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। वहीं विद्यालय की हिंदी माध्यम प्रभारी सीमा राठौर सहित शिक्षिका निमिषा जेम्स, रितु सिंह, सविता महिलांग, रोशनी शर्मा, डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, एस.डी. बर्मन, जी.एन.एस. शर्मा, आर.के. तम्बोली, आर.के. उपाध्याय, सोमनाथ पाण्डेय एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का योगदान रहा।


