Uncategorized

उधारी के पैसों के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे मृतक देवनारायण सूर्यवंशी अपने भाई कमल सूर्यवंशी के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी इतवारी सूर्यवंशी और एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
19 नवंबर को सूचक कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडेन यार्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उधारी के पैसों के विवाद को लेकर मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया गया है।

मामले में एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें तथा विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें।

Related Articles