
जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अपराधों पर नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने 18 नवंबर की देर शाम जिलेभर में सघन नाकाबंदी एवं पिकेट वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 34 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए गए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर चेकिंग पॉइंट लगाए गए। अभियान के दौरान आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 34 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया है, जिन्हें पृथक से न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए जिलेभर में नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।


