Uncategorized

हनी ट्रैप में फंसाकर चाकू की नोक पर लूटपाट, युवती समेत 6 आरोपी गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने चांपा बुलाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में एक युवती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवती उसे लगातार चांपा मिलने के लिए बुला रही थी। 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक मित्र के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और उससे मिलने आगे चला गया। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे छह युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर मनीष को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी तथा 60 हजार रुपये नगद और उसकी सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली जांजगीर में धारा धारा 115(2), 308 (2), 111(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में

अमित राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।

रवि झलरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।

किशन कर्ष, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।

कुनाल पाण्डेय, उम्र 20 वर्ष, निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।

मुकेश कश्यप उर्फ छोटू, उम्र 19 वर्ष, निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर। एक युवती जिला रायगढ़ क्षेत्र की शामिल है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें। बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं और सुनसान स्थानों पर जाने से बचें।

Related Articles