


चांपा। नगर के बीच स्थित हटवारा चौक के पास शंभु दुकान के सामने लगे ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, वहीं बिजली की लाइन के तार भी जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी रात और सुबह तक ठप रही, जिससे करीब 12 घंटे तक लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। विभागीय अनुमान के मुताबिक इस कार्य को पूरा करने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लगेगा और दोपहर 3 से 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई जा रही है। विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार काम कर रही है।



आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आग की लपटें बेहद तेज थीं, जिससे पूरी लाइन को बंद करना पड़ा। सौभाग्य से इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हालांकि आज सुबह से मौसम में बदलाव और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, अन्यथा लंबी बिजली कटौती के चलते हालात और भी खराब हो सकते थे। फिलहाल विद्युत विभाग के कार्य जारी रहने से क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।






