


जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज अपने कक्ष में चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा के संचालन हेतु आवश्यक निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे न केवल क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी।


कलेक्टर ने बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा के संचालन के लिए आवश्यक निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त जीएनएम भवन के उन्नयन हेतु आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत करने तथा जिला चिकित्सालय जांजगीर के लिए एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना हेतु राज्यस्तर पर पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।


समीक्षा बैठक के पश्चात कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज कुटरा तथा मेडिकल कॉलेज के अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित लाइवलीहुड कॉलेज जांजगीर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए प्रस्तावित भवनों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, आवश्यक अधोसंरचना एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा सभी तैयारियां समय पर एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।





