‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस का विरोध मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग …


जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत जिला मुख्यालय में विरोध मार्च निकाला गया। कचहरी चौक से शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद एसडीओ कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता कचहरी चौक पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए नेता चौक के रास्ते बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के महत्व पर जोर दिया गया। इसके बाद कांग्रेसजन एसडीओ कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।

मताधिकार की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी : राजेश अग्रवाल
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था पर निर्भर करती है। प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतंत्र की ताकत है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की गंभीरता से जांच और पारदर्शी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे : व्यास कश्यप
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी शिकायतों और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास कायम रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर – पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने मताधिकार को देश के भविष्य और लोकतंत्र की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अधिकार बताया। उन्होंने निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों का उचित समाधान होना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रफीक सिद्दकी ने किया, जबकि जिला महामंत्री शिशिर द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। विरोध मार्च में पूर्व जिला अध्यक्ष मंजू सिंह, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, हरप्रसाद साहू, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कन्हैया राठौर, किशन सोनी, नागेंद्र गुप्ता, अजीत राणा, संदीप साहू, भगवान दास गड़ेवाल, मनोज तिवारी, काजल किरण सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील साधवानी सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, महिला कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



