एसिड से हमला करने वाली महिला गिरफ्तार, बिना दस्तावेज एसिड बेचने वाला दुकानदार भी पकड़ाया …


चांपा। प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवक पर एसिड फेंककर हमला करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं बिना वैध दस्तावेज के एसिड बेचने वाले 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 28 अक्टूबर 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि महिला के साथ प्रेम संबंध के दौरान विवाद होने पर महिला ने उसके ऊपर एसिड फेंक दिया। इस हमले में युवक के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई में जलने की चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 124(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला आरोपी ने शौचालय की सफाई के लिए एक दुकान से एसिड खरीदा था। एसिड बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने सदर बाजार चांपा निवासी 70 वर्षीय दुकानदार मोहम्मद हुसैन बोहरा के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने दुकानदारों को ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज और नियमों का पालन किए ऐसे पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश जट, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



