Uncategorized

टेलीग्राम पर ‘डबल मुनाफा’ का झांसा देकर 27 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार …

img 20260423 wa00618415182833560671985 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से ₹27.26 लाख से अधिक की ठगी की गई। साइबर थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चांपा क्षेत्र के निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके मोबाइल में टेलीग्राम एप के माध्यम से 7 दिसंबर 2025 को एक युवती ने संपर्क कर निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां कई लोग लगातार निवेश के लिए प्रेरित कर रहे थे।
झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग तिथियों में RTGS, UPI, ATM और Paytm के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹27,26,614 जमा कर दिए। बाद में जब मुनाफा नहीं मिला और संपर्क टूट गया, तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाने में शिकायत की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए निवेदिता पाल के निर्देशन एवं उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें 42 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता Ujjivan Small Finance Bank में संचालित पाया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची, जहां आरोपी आवेज मसूद शेख (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि अपने मित्र अब्दुल वाहिद (34 वर्ष) के कहने पर उसने बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। रकम निकालकर वह अपने साथी को सौंप देता था और बदले में कमीशन लेता था। बाद में सह-आरोपी अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया

img 20260423 wa00635157205470520535771 Console Corptech

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद राशि, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा सहित साइबर थाना टीम की सराहनीय भूमिका रही।
सायबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया, टेलीग्राम या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें। बिना सत्यापन किसी भी अनजान खाते में पैसा ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।

Related Articles