Uncategorized

झपटमार गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए …

img 20260605 wa00644516922111826811032 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। जिले में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सक्रिय झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। थाना सायबर एवं थाना बलौदा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से झपटमारी के 5 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल तथा 1900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विरेंद्र कुमार निवासी मोहरियामुडा थाना हरदीबाजार 28 मई को फसल कटाई के लिए नैला आया था। देर रात वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान पहरिया के आगे तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने रास्ता रोककर बैग में रखे 3 मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद झपट लिए और फरार हो गए। आरोपियों के पीछा करने पर प्रार्थी व उसका साथी गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और सायबर तकनीकी विश्लेषण किया। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में बलवेदव सूर्या निवासी, औराईखुर्द दर्राभाठा, चौकी नैला, पंकज यादव, निवासी करमंदी बड़े पारा, चौकी नैला, लखन कंवर, निवासी कचौरा, थाना उरगा कोरबा, राकेश यादव, निवासी कचौरा, थाना उरगा कोरबा, दुर्गेश सिंह, निवासी नवापारा, थाना उरगा कोरबा शामिल हैं।

इस कार्रवाई में सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित सायबर थाना, थाना बलौदा और चौकी पंतोरा के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles