Uncategorized

तीन गांवों में महिला कमांडो टीम गठित, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता को मिलेगी नई ताकत …

img 20260606 wa00549060155767749159960 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरबी, डोंगरी एवं काटापाली में एक साथ महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया।

थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में आयोजित नशा मुक्ति कार्यक्रम के दौरान तीनों गांवों की जागरूक और सक्रिय महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका देना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनेगी और नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा और साइबर अपराध समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस के साथ-साथ जनसहभागिता भी आवश्यक है। महिला कमांडो टीम के सदस्य अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करेंगे, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगे और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो टीम की भूमिका, दायित्व और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानून एवं बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही गांव-स्तर पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला कमांडो टीम के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles