Uncategorized

समय बैंक, नशा-बंदी और नागरिक सुरक्षा पर एसपी पाण्डेय का प्रेरक संदेश …

चांपा। नगर स्थित विश्रामगृह में आज छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय थे। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आरती सिंह,एसडीओपी यदुमणि सिदार, थाना प्रभारी जे पी गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नागरिक सुरक्षा,समाज का सामूहिक दायित्व – मुख्य अतिथि विजय कुमार पाण्डेय ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “नागरिक” शब्द जाति–धर्म–भाषा से ऊपर उठकर भारतीयता और एकता का प्रतीक है। सुरक्षा का अर्थ केवल शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और नैतिक सुरक्षा भी है। उन्होंने कहा—जब व्यक्ति के मन में सकारात्मक विचार और संतुलन होगा, तभी परिवार तथा समाज सुरक्षित होगा।

नशाबंदी और काउंसलिंग पर विशेष जोरएसपी पाण्डेय ने बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जांजगीर-चांपा की 12 लाख जनसंख्या के अनुपात में पुलिस बल सीमित है। हर विवाद में पुलिस की प्रत्यक्ष उपस्थिति संभव नहीं, ऐसे में नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन समाज और पुलिस के बीच सेतु बनकर कार्य करे।उन्होंने फाउंडेशन के सदस्यों को नशा पीड़ितों की काउंसलिंग, घरेलू व सामाजिक विवादों में समन्वयक भूमिका निभाने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा दी।

समय बैंक, समाज के लिए समय का निवेश – अपने संबोधन में एसपी ने ‘समय बैंक’ की अवधारणा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समझाया कि यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में एक–दो घंटे समाजहित में श्रमदान करे—स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक जागरूकता, पौधारोपण, पीड़ित सहायता आदि—तो यह समय समय बैंक में जमा माना जाएगा। जब किसी दिन नागरिक को स्वयं सहायता की आवश्यकता होगी, तो यही जमा समय समाज द्वारा लौटाया जाएगा। उन्होंने हर रविवार सामूहिक श्रमदान में शामिल होने की अपील की।

अपराध प्रवृत्ति में सुधार हेतु सकारात्मक पहल के निर्देश – पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फाउंडेशन के सदस्य अपराध प्रवृत्ति से ग्रस्त व्यक्तियों को सकारात्मक गतिविधियों, रोजगार और नैतिक दिशा से जोड़ने का कार्य करें। सामाजिक विषमताओं, कुरीतियों और तनाव को कम कर समाज में सद्भाव बढ़ाना भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा—“पुलिस और नागरिक संगठन मिलकर जांजगीर-चांपा को नशामुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण जिले के रूप में स्थापित कर सकते हैं।”

कार्यक्रम में डॉक्टर धनेश्वरी, जागृति, शिवेंद्र प्रताप सिंह,विनोद तिवारी, गोपाल मित्तल, संगीता पांडेय, अन्नपूर्णा सोनी, अर्चना देवांगन, कल्याणी केसरवानी, विद्या राठौर, गौरव तिवारी, प्रदीप यादव, अमरजीत सिंह सलूजा, दीपक गुप्ता और महावीर सोनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles