Uncategorized

जिला चिकित्सालय पहुंचे कलेक्टर, मरीजों से जाना हाल, उपचार और सुविधाओं के बारे में ली प्रत्यक्ष जानकारी …

जांजगीर-चांपा। जिले के नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिला चिकित्सालय जांजगीर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कर मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया तथा उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने कहा कि जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पतालों में संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टीकाकरण कक्ष, ओपीडी, जनआरोग्य केंद्र, दवाई वितरण कक्ष, आयुष्मान भर्ती कक्ष, ट्रॉमा कक्ष, प्रसव कक्ष, पीएनसी वार्ड, आपातकालीन कक्ष, शिशु उपचार इकाई, ऑपरेशन थिएटर तथा डायलिसिस केंद्र सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने को कहा। साथ ही डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीटी स्कैन कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने जांच कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सीटी स्कैन कक्ष में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु इनवर्टर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय परिसर में मेडिकल कॉलेज के अस्थायी संचालन के लिए प्रस्तावित भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक अधोसंरचना, उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे