

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध डीजल के भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बलौदा एवं अकलतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन के पीछे बने लोहे के टैंकर से करीब 1000 लीटर डीजल बरामद किया। पुलिस ने डीजल परिवहन में प्रयुक्त पिकअप और आगे फॉलो कर रही आर्टिगा कार समेत करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG-15-DL-6268 में बने लोहे के टैंकर में डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। इसके आगे आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 चल रही थी। सूचना पर SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटरा जंगल में घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की। जांच में पिकअप के पीछे लगे लोहे के टैंकर में करीब 1000 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपए बताई गई है, मिला। वाहन सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ और रामनरेश प्रजापति डीजल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने भीमसिंह के कब्जे से पिकअप व डीजल तथा नरेश कुमार भारती के कब्जे से आर्टिगा कार जब्त की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नरेश भारती (34), भीमसिंह गोंड़ (43) और रामनरेश प्रजापति (31), सभी थाना बलौदा क्षेत्र के निवासी हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू, एएसआई रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, साइबर टीम एवं थाना स्टाफ का योगदान रहा।



