

जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वस्थ जीवनशैली, जनजागरूकता और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विघालय जांजगीर में ‘योग से निरोग’ कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। टीसीएल कॉलेज, जांजगीर के हॉकी मैदान में जिला स्तरीय हॉकी मैच का आयोजन किया गया।

‘योग से निरोग’ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित अतिथियों द्वारा नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा निरोगी जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया। टीसीएल कॉलेज के हॉकी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी मैच के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। अतिथियों ने कहा खेल गतिविधियों से अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।



