Uncategorized

राज्योत्सव में जीजीवी के म्यूजिक बैंड ‘तरंग’ की धूम, अंशुल तिवारी की गायकी ने बांधा समां …

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीवी) के आधिकारिक म्यूजिक बैंड ‘तरंग’ ने अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुति से हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बैंड के कलाकारों ने गायन और वादन की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अंशुल तिवारी की शानदार गायकी रही। उनकी सधी हुई आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। इसके बाद अंशुल तिवारी और शिवम की जोड़ी ने सुरों की शानदार जुगलबंदी पेश कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘तरंग’ बैंड की पूरी टीम ने सामूहिक गीत की भव्य प्रस्तुति दी। इसमें सौम्य, आदर्श, वैभव, अभय, हर्ष भोसले, नयना, पंकज, गौरहरि, आशीष वैष्णव, शिवम, अंशुल, नयन, देबिका और लव्या ने अपने गायन एवं वादन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं की कला और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए इस तरह के मंच मिलना गौरव की बात है। विधायक सुशांत शुक्ला ने भी सभी कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं ‘तरंग’ बैंड के सभी सदस्यों को शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई दी।

राज्योत्सव के मंच पर ‘तरंग’ बैंड की इस प्रस्तुति ने युवा प्रतिभाओं की रचनात्मक क्षमता और संगीत के प्रति उनके समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

Related Articles