Uncategorized

कीटनाशक मिली शराब से दो लोगों की हत्या के आरोपी को दो बार आजीवन कारावास …

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भठली में कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या करने के सनसनीखेज मामले में न्यायालय ने आरोपी को दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल की प्रभावी विवेचना और पुख्ता साक्ष्य संकलन को महत्वपूर्ण माना गया।

पुलिस के अनुसार शराब बिक्री को लेकर सुंदरलाल कुर्रे से विवाद के चलते आरोपी ने 6 मार्च 2025 को देशी शराब की शीशी में कीटनाशक मिलाकर सुंदरलाल के घर पहुंचाई थी। सुंदरलाल के शराब पीने से मना करने पर वहां मौजूद सीताराम लहरे एवं रोहित कुमार तेंदुलकर ने शराब पी ली। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल ने की। जांच के दौरान कीटनाशक का डिब्बा, एफएसएल रिपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। अभियोजन पक्ष द्वारा न्यायालय में 19 गवाहों एवं वैज्ञानिक व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय में अपराध प्रमाणित होने पर आरोपी को दोहरे हत्याकांड में दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। जांजगीर-चांपा पुलिस ने इसे प्रभावी विवेचना और मजबूत साक्ष्य संकलन की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Related Articles