
जांजगीर-चांपा। बच्चों की विद्यालय में घटती एवं अनियमित उपस्थिति को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरदा की व्याख्याता अंजना सिंह परिहार ने कहा है कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार और उसके उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार है। केवल विद्यालय में नामांकन करा देना पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे का नियमित रूप से स्कूल पहुंचना और शिक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करना आवश्यक है।

अंजना सिंह परिहार ने कहा कि बच्चों की अनियमित उपस्थिति के पीछे आर्थिक अभाव, पारिवारिक परिस्थितियां, अभिभावकों में जागरूकता की कमी, विद्यालय की दूरी और पढ़ाई के प्रति अरुचि जैसे कई कारण हो सकते हैं। ऐसे बच्चों को केवल अनुपस्थित चिह्नित करने के बजाय उनकी समस्याओं को समझकर समाधान तलाशना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षण को रोचक, आनंददायक और गतिविधि आधारित बनाने के साथ ही कमजोर एवं संकोची बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए। लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित करना भी प्रभावी पहल हो सकती है। उन्होंने बालसभा, कहानी-कविता, खेलकूद, प्रश्नोत्तरी और प्रतिभा प्रदर्शन जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति केवल शिक्षक या विद्यालय की नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
अंजना सिंह परिहार ने कहा कि विद्यालय ऐसा स्थान होना चाहिए, जहां बच्चे आने के लिए उत्साहित हों, सीखने के प्रति जिज्ञासु हों और स्वयं को सुरक्षित एवं सम्मानित महसूस करें। उन्होंने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चे को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिले।


