
जांजगीर-चांपा। घरेलू विवाद के बीच पत्नी पर खौलता गर्म तेल डालकर उसे गंभीर रूप से झुलसाने के मामले में बलौदा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2) एवं 85 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। नवगवां निवासी पीड़िता अपने घर में पूरी तल रही थी। इसी दौरान उसका पति बिरजू दिवाकर (46 वर्ष) पीछे से आया और चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई उठाकर उसके ऊपर डाल दी। गर्म तेल से महिला का चेहरा और शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर उसने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 589/2026 के तहत धारा 118(2), 85 BNS में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने आरोपी बिरजू दिवाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शामेश देव एवं आरक्षक लखेश विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।


