



जांजगीर-चांपा पुलिस कार्यालय में जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार यह घटना शासकीय कार्य में बाधा डालने और शिकायत पर जबरन कार्रवाई का दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई।


मामले का विवरण – दिनांक 23 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (23 वर्ष), निवासी मड़वा, जांजगीर, पुलिस कार्यालय पहुंचा और जबरन पुलिस अधीक्षक कक्ष में प्रवेश करने का प्रयास करने लगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिस स्टाफ द्वारा मना किए जाने पर आरोपी ने विवाद किया और धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की। संदेह होने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। पूछताछ में आरोपी ने कीटनाशक दवा का सेवन करने की बात स्वीकार की। तत्काल सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आरोपी को जिला अस्पताल जांजगीर में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी झूठी शिकायतों के आधार पर इसी प्रकार दबाव बनाने का प्रयास कर चुका है और उसकी प्रस्तुत शिकायतें जांच में अप्रमाणित पाई गई थीं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 221, 232, 226 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।










