



जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण करते हुए बलौदा विकासखंड के जूनाडीह और बुडगहन का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन नेटवर्क एवं ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति, नल कनेक्शन की उपलब्धता तथा नियमित जल वितरण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ प्रत्येक घर तक समय पर और गुणवत्ता के साथ पहुंचे।


निरीक्षण के दौरान बुड़गहन में ग्रामीणों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि गांव के मुख्य मार्ग के नीचे से गुजर रही पीव्हीसी पाइपलाइन भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति बाधित होती है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को तत्काल स्थल निरीक्षण कर दीर्घकालीन एवं स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्राथमिकता के साथ समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।




जल जीवन मिशन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण हितग्राही श्रीमती सुकृता, सत्यनारायण एवं अन्य हितग्राहियों के घर पहुंच कर पेयजल व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने नल कनेक्शन, पानी की उपलब्धता एवं नियमित जल आपूर्ति से जुड़ी जानकारी साझा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जल जीवन मिशन का लाभ प्रत्येक घर तक समय पर पहुंचे।







