

जांजगीर-चांपा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदनलाल बंद पेट्रोल पंप के पास से रैली निकाली और कलेक्ट्रेट चौक पहुंचकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर गंभीर सवाल उठाए। यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब हाल में रिपोर्टों में निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन आपत्तियों में मतदाता पंजीयन, नाम जोड़ने-हटाने, Form-6 में बदलाव और निर्वाचन संबंधी तकनीकी व्यवस्था जैसे विषय शामिल बताए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने हालांकि इन मतभेदों को आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा है कि अंतिम निर्णय आयोग द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए।

बैरिकेडिंग के बीच गेट पर सौंपा ज्ञापन – प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टोरेट परिसर के सामने भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय के भीतर जाने से रोका गया। बाद में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और विधायक व्यास कश्यप से चर्चा की तथा कांग्रेस का ज्ञापन स्वीकार किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और संविधान की व्यवस्था को मजबूत रखना जरूरी है। उन्होंने SIR और निर्वाचन आयोग के निर्णयों को लेकर कांग्रेस के सवालों की जांच की मांग की।

प्रदर्शन में प्रदेश सचिव हरप्रसाद साहू, रमेश पैगवार, रफीक सिद्दकी, नागेन्द्र गुप्ता, कन्हैया राठौर, किशन सोनी, भगवान दास गड़ेवाल, अजीत राणा, ब्लॉक अध्यक्षगण – रामबिलास राठौर, सुनील साधवानी, प्रकाश तिवारी, गौरव सिंग, नवल सिंह ठाकुर, जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर, ज्योति किशन कश्यप, माधुरी आदित्य, पंकज शुक्ला, सेवक देवांगन, अजय दिव्य, नेहा केसरवानी, सीमा शर्मा, काजल सिंह, किसान सोनी, हरीश पाण्डेय, राज सरोज, अंजली देवांगन, गीता सोनी, समिष्ट कंसारी, राज अग्रवाल, शकुंतला खरे, परमेश्वर निर्मले, अक्षय टेकाम, चंद्र प्रकाश ओगे, विष्णु यादव, अरमान खान, राजेंद्र यादव, पुनीराम देवांगन, कविता देवांगन, कमल साव, राकेश जोशी, गिरधर देवांगन, डॉ संतोष यादव, दीपक बरेठ, ध्रुव यादव सहित जिले भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



