Uncategorized

जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत …

IMG 20261005 WA0059 Console Corptech

चांपा। थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक घर में घुसकर मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की धक्का लगने से मौत हो गई। मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकिरण यादव (23 वर्ष), पिता भरत लाल यादव, निवासी उच्चभिट्ठी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार उच्चभिट्ठी में करीब 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव एवं भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपी राजकिरण यादव कथित तौर पर रमेश यादव के घर में धारदार ब्लेड लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद रमेश यादव के साथ मारपीट की गई।घटना के दौरान रमेश यादव के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी ने उन्हें सीने पर जोरदार धक्का दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। बताया गया कि लोचन प्रसाद यादव ने सीने पर हाथ रखा और कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट प्राप्त की गई। सूचक रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान भी लिए गए।मर्ग जांच और विवेचना के दौरान प्रथम दृष्टया आरोपी के विरुद्ध धारा 105, 296, 351(3), 333 बीएनएस के तहत अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का ब्लेड जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे सहित थाना स्टाफ की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles