

चांपा। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व को लेकर चांपा में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस वर्ष 20 अक्टूबर को भालेराव मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के साथ ही पहली बार आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल करने की तैयारी की जा रही है। खास बात यह होगी कि जो लोग भीड़ या अन्य कारणों से मैदान तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे यूट्यूब, फेसबुक सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे दशहरा उत्सव का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
50 फीट का रावण, 35 फीट कुंभकरण और 30 फीट मेघनाथ – इस वर्ष दशहरा उत्सव में विशालकाय पुतले मुख्य आकर्षण होंगे। समिति के अनुसार 50 फीट ऊंचे रावण, 35 फीट के कुंभकरण और 30 फीट के मेघनाथ के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। पुतला निर्माण का काम शुरू हो चुका है और कारीगर इन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रावण दहन के दौरान भालेराव मैदान में भव्य आतिशबाजी भी होगी।
राम दरबार की झांकी बढ़ाएगी आयोजन की भव्यता – दशहरा उत्सव में भगवान श्रीराम के राम दरबार की आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी। झांकी के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और सत्य-धर्म के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मंच और मैदान की विशेष सजावट की भी तैयारी की जा रही है।
परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का संगम – इस बार चांपा के दशहरा उत्सव की सबसे खास पहल इसका डिजिटल लाइव प्रसारण होगा। भारी भीड़ के कारण मैदान नहीं पहुंच पाने वाले लोगों के साथ-साथ चांपा से बाहर रहने वाले नागरिक भी मोबाइल फोन के जरिए आयोजन से जुड़ सकेंगे। यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम को लाइव प्रसारित करने की तैयारी की जा रही है।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस – बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा भीड़ प्रबंधन, आवागमन, मंच, अतिथि व्यवस्था और सुरक्षा के लिए अलग-अलग दलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

दशहरा सिर्फ रावण दहन नहीं, बुराइयों पर विजय का संदेश – आयोजन समिति ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन तक सीमित नहीं है। यह पर्व मनुष्य के भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और मोह जैसी बुराइयों पर विजय प्राप्त करने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के जीवन से सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। इसी संदेश के साथ इस वर्ष का आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप में करने की तैयारी है।
दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र बाजपेई, पुरुषोत्तम शर्मा, राम खूबवानी, विनोद तिवारी, प्रदीप नामदेव, योगेश अग्रवाल, जय थवाईत, सत्यनारायण सोनी, आकाश गुप्ता, आदित्य शर्मा, सुनील साधवानी, महेंद्र तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने नगरवासियों से परिवार सहित दशहरा उत्सव में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। 20 अक्टूबर को भालेराव मैदान में 50 फीट के रावण, 35 फीट के कुंभकरण और 30 फीट के मेघनाथ का दहन चांपा के दशहरा उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। वहीं डिजिटल लाइव प्रसारण के जरिए यह उत्सव मैदान से निकलकर घर-घर तक पहुंचेगा।



