Uncategorized

हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों का दबदबा, राष्ट्रीय–अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन …

जांजगीर-चांपा। जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी की बात है कि हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत, छत्तीसगढ़ और जांजगीर-चांपा जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने जिले को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

हाल ही में 7वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग बेंच प्रेस एंड डेडलिफ्ट (रॉ एवं इक्विप्ड) चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 09 से 10 मई 2026 तक मलखरौदा, जिला सक्ती में किया गया। इस प्रतियोगिता में हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने कुल 17 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 11 स्वर्ण, 5 रजत एवं 1 कांस्य पदक शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
समीर शुक्ला (75 किग्रा सीनियर इक्विप्ड) – 3 स्वर्ण पदक एवं 1 स्ट्रांगमैन ट्रॉफी
शानू कुमार (67.5 किग्रा सीनियर) – 2 स्वर्ण, 1 रजत पदक एवं 1 स्ट्रांगमैन ट्रॉफी
रविंद्र पटेल (67.5 किग्रा जूनियर) – 2 स्वर्ण, 1 कांस्य पदक एवं 2 स्ट्रांगमैन ट्रॉफी
समीर कुमार (67.5 किग्रा जूनियर) – 3 रजत पदक
अमित कुमार (75.5 किग्रा सीनियर) – 3 स्वर्ण पदक
यश कांसारी (82.5 किग्रा) – 1 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक
विशेष उपलब्धि के रूप में यश कांसारी का चयन अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।

हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने हाल ही में श्रीलंका में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां छत्तीसगढ़ की टीम ने रिकॉर्ड 5 पदक जीतकर भारत और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर शानू रॉय और सूर्यभान कुमार को छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा सम्मानित किया गया।

हल्क फिटनेस क्लब के अनुभवी कोच कैलाश वर्मा एवं किशन वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में क्लब के खिलाड़ी पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग, फिटनेस एवं मॉडलिंग जैसी विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। क्लब भविष्य में भी नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

राजस्व मंत्री ने दी बधाई:
इस उपलब्धि पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने फोन के माध्यम से खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles