Uncategorized

बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में नामांकन को लेकर विवाद, एसडीएम पर गंभीर आरोप …

जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव के दौरान नामांकन प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा की ओर से अधिकृत एक पार्षद प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म अधूरा था, इसके बावजूद एसडीएम द्वारा नियमों को ताक पर रखकर फॉर्म पूरा करवाने का प्रयास किया गया।

आरोप है कि एसडीएम अपने कार्यालय से अधूरे नामांकन फॉर्म को बाहर ले जाकर रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां पार्षद प्रत्याशी और उसके समर्थकों को बुलवाकर फॉर्म को पूरा कराया गया। इतना ही नहीं, निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद कार्यालय स्टाफ के माध्यम से फॉर्म को चोरी-छुपे पुनः एसडीएम कार्यालय में जमा कराने की कोशिश की गई।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नामांकन में कथित गड़बड़ी की भनक लगी, जिसके बाद उन्होंने एसडीएम कार्यालय के गेट पर नामांकन चोरी का मामला पकड़ लिया और कार्यालय का घेराव कर दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस पूरी प्रक्रिया को लोकतंत्र और चुनावी नियमों के खिलाफ बताया।
बम्हनीडीह कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करने वाले अधिकारी ही इस तरह की कार्यशैली अपनाएंगे, तो निष्पक्ष चुनाव कैसे संभव हो पाएगा। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles