

चांपा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा में शुक्रवार को क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव 18 से 21 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन तिलभांडेश्वर बाल कल्याण समिति चांपा के तत्वावधान तथा विद्या भारती की योजना के अंतर्गत सरस्वती शिक्षा संस्थान रायपुर के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तोखन साहू थे। मुख्य वक्ता विद्या भारती खेल परिषद के संयोजक मुक्तेश सिंह बदेशा तथा अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन ने की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद देवांगन, प्रतियोगिता संयोजक डॉ. शांति कुमार सोनी एवं विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप मंचासीन रहे।
प्राचार्य अश्वनी कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि चांपा विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिवर्ष विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रतिभागी भैया-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रांत खेल संयोजक दिवाकर स्वर्णकार ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मालवा, महाकौशल एवं मध्य प्रांत से भी खिलाड़ी भैया-बहन सहभागिता कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि तोखन साहू ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है और स्वस्थ मन में स्वस्थ आत्मा का वास होता है।” उन्होंने खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से लगन, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ खेलते हुए सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल राष्ट्रीय एकता का प्रतीक हैं और देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करते हैं।
मुख्य वक्ता मुक्तेश सिंह बदेशा ने बताया कि जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए विद्या भारती के चार भैया-बहनों का विभिन्न खेलों में चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती की छात्रा पुष्पा राणा का कबड्डी महिला टीम की कप्तान के रूप में चयन होना गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ललिता तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के कोषाध्यक्ष गोपीचंद बरेठ ने किया। समारोह में पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, प्रदीप नामदेव, कमललाल देवांगन, रविंद्र सराफ, लक्ष्मीचंद देवांगन, संतोष थवाईत, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राजेंद्र सिंह ठाकुर, रविशंकर गबेल, कृष्ण कुमार पांडे, सलीम मेमन, ग्यारसी मोदी,अशोक शर्मा,संजय यादव सहित गणमान्य नागरिक, संरक्षक, आचार्य बंधु-भगिनी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी भैया-बहन उपस्थित रहे।



