

जांजगीर-चांपा। पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में जांजगीर पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत (27 वर्ष) और उसका भाई कन्हाई सिंह राजपूत (40 वर्ष), दोनों निवासी लछनपुर केराझरिया थाना जांजगीर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार लछनपुर केराझरिया निवासी नोहर नाथ गोस्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 नवंबर की रात वह अपने नाती-पोतों के साथ चांपा की ओर जा रहे थे। चांपा एनीकट के पास पुरानी रंजिश को लेकर विक्की ठाकुर ने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की और डंडा लेकर दौड़ाया। प्रार्थी जान बचाकर घर पहुंचा और दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन आरोपी के घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप है। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए तो आरोप है कि दोनों भाइयों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। विक्की ठाकुर पर डंडे से प्रार्थी के बेटे विरेंद्र गोस्वामी और लुकेश्वर गोस्वामी के सिर पर हमला करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे नोहर नाथ को भी पैर में चोट लगी।
हमले में विरेंद्र गोस्वामी को गंभीर चोट आने पर उसे जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्राम लछनपुर के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



