

जांजगीर-चांपा। अकलतरा क्षेत्र में बिजली चोरी पर रोक लगाने और बकाया राजस्व की वसूली के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को सघन जांच एवं वसूली अभियान चलाया। मुख्य अभियंता रायगढ़ मनीष तनेजा के नेतृत्व में पूरे सर्किल में 21 टीमों का गठन कर बकायादार उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की गई। अभियान के दौरान 382 बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इन उपभोक्ताओं पर कुल 211.34 लाख रुपये की बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान ही 126 उपभोक्ताओं ने मौके पर 51.43 लाख रुपये की बकाया राशि जमा कराई।
कटे कनेक्शन दोबारा जोड़कर बिजली का उपयोग – अभियान के दौरान पूर्व में कनेक्शन काटे जा चुके उपभोक्ताओं के परिसरों की भी जांच की गई। विभाग के अनुसार, ग्राम मिस्दा में मनोज लहरे पर 74 हजार रुपये और सुरेश यादव पर 55 हजार रुपये की बकाया राशि मिली। वहीं ग्राम लोहर्सी में लोकपाल साहू पर 60 हजार रुपये तथा सुनीता बाई कुर्मी पर 97 हजार रुपये बकाया पाए गए। विभाग के अनुसार, इन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन विच्छेदित किए जाने के बाद भी कथित रूप से अवैध तरीके से बिजली जोड़कर उसका उपयोग किया। इस पर विद्युत अधिनियम 2003 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आपराधिक प्रकरण तैयार किए गए।

21 टीमों ने एक साथ चलाया अभियान – विद्युत विभाग के मुताबिक अभियान का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया बिलों की वसूली और बिजली चोरी के मामलों में आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई कार्यपालन अभियंता अकलतरा अंशु वार्ष्णेय के निर्देशन में की गई। अभियान में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।



