

चांपा। थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम कुरदा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवक को पीछे से पकड़कर जमीन पर गिराया और चाकू से उसके सिर के पीछे लगातार कई वार किए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार घटना 24 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे ग्राम कुरदा में हुई। घायल युवक की पहचान महेन्द्र पटेल निवासी ग्राम कुरदा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेन्द्र पटेल और विजेन्द्र पटेल ने महेन्द्र को पीछे से पकड़ लिया, जबकि सुरेन्द्र पटेल चाकू लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसके बाद आरोपियों ने महेन्द्र को जमीन पर गिरा दिया। पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र पटेल ने चाकू से उसके सिर के पीछे लगातार तीन-चार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून निकलने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोग, फिर बाइक से फरार हुए आरोपी – घटना के दौरान परिजन और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपी हाथ-मुक्का और चाकू से मारपीट करते रहे। आसपास लोगों की भीड़ जुटने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 और थाना चांपा पुलिस को दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और डायल-112 की सहायता से घायल महेन्द्र पटेल को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पूछताछ के बाद चाकू और बाइक जब्त – घटना की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया और अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र पटेल (19), जितेन्द्र पटेल (23) और विजेन्द्र पटेल (22), सभी निवासी ग्राम कुरदा, थाना चांपा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना चांपा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।



