

जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत 1 अक्टूबर को जिलेभर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” पहल के तहत सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर परिसर में सुबह 8 बजे से आयोजित होगा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। जिला मुख्यालय के साथ जनपद स्तर पर भी सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम होंगे। बलौदा के ग्राम डोंगरी, पामगढ़ के बरगांव, बम्हनीडीह के बनडभरा और अकलतरा के पकरिया झू में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अमृत सरोवरों की सफाई के साथ जल संरक्षण – अभियान के तहत अमृत सरोवरों के तालाब परिसर, आसपास के क्षेत्र, पहुंच मार्ग एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर शपथ, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाएं, सरोवरों के पास होगा पौधरोपण – स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और अमृत सरोवरों के निरंतर रखरखाव व सामुदायिक स्वामित्व पर चर्चा होगी। स्वच्छ किए गए अमृत सरोवरों के आसपास “एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधरोपण कर जल स्रोतों के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।



