Uncategorized

चांपा और जांजगीर-नैला स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग …

IMG 20261001 WA0039 Console Corptech

चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 1 अक्टूबर को चांपा से रायगढ़ रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान चांपा रेलवे स्टेशन में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप सहित क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात कर चांपा और जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन से जुड़ी यात्री सुविधाओं एवं अधोसंरचना के विस्तार की मांगों को प्रमुखता से रखा।

विधायक व्यास कश्यप ने महाप्रबंधक को मांगपत्र सौंपते हुए कहा कि जिला जांजगीर-चांपा के लिए चांपा जंक्शन और जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन दोनों ही महत्वपूर्ण रेल केंद्र हैं। क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से इन स्टेशनों पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही है।

IMG 20261001 WA0052 Console Corptech

जांजगीर-नैला में ROB की मांग – मांगपत्र में जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन के पास बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की गई। इसके साथ ही ग्राम कन्हाईबंद स्थित अंडरब्रिज से जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन तक सड़क के चौड़ीकरण एवं कांक्रीटीकरण का कार्य कराने की मांग भी रखी गई।

चांपा में तीन प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग – विधायक ने चांपा रेलवे स्टेशन पर ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, दरभंगा एक्सप्रेस और समरसता एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। उनका कहना है कि इन ट्रेनों के चांपा में ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

जांजगीर-नैला में गोंडवाना और साउथ बिहार एक्सप्रेस का ठहराव – इसी तरह जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी की गई। विधायक ने महाप्रबंधक से इन सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने रेलवे क्षेत्र से जुड़े अन्य स्थानीय मुद्दों और यात्रियों की सुविधाओं को भी महाप्रबंधक के समक्ष रखा। विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को रेलवे स्तर पर गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल की जानी चाहिए।

Related Articles