भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा – सांसद जांगड़े …

जांजगीर-चांपा।भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में बलौदा विकासखंड के ग्राम देवरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बलौदा श्रीमती शारदा सनत देवांगन, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती उर्मिला निर्मल बिंझवार, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, जनजातीय समाज के प्रमुख मनमोहन सिंह गोंड़, बी एस सिदार, श्रीमति विजय कुंवर मरकाम, राजेन्द्र कंवर, हरेंद्र कंवर, श्रीमती गंगोत्री कंवर, लखन सिंह कंवर सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आज हम सभी यहाँ एकत्रित हुए हैं। यह दिन उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हमारे माटी के वीरों ने देश, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए जो वीरतापूर्ण संघर्ष किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की आजादी की लड़ाई में भगवान बिरसा मुंडा का अमूल्य योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा हमारे गौरवशाली इतिहास के महानायक हैं। उन्होंने झारखंड की धरती से जनजातीय समाज का नेतृत्व करते हुए स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरव, उनकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।


