



चांपा। भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा में अध्ययनरत मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदस्य, प्रबंधन एवं अनुश्रवण समिति की सदस्य एवं समाज सेविका मंजुषा पाटले के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों को प्रोत्साहन छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।


संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्र 2025–26 के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ उत्कृष्ट उपस्थिति दर्ज की थी। मुख्य अतिथि इंजी. मंजुषा पाटले ने विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उचित मंच की आवश्यकता होती है और भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान चांपा युवाओं को अपने कौशल को निखारने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान रेणु साहू (प्रथम सेमेस्टर) एवं मोनिका साहू (तृतीय सेमेस्टर) को उत्कृष्ट अंक एवं उपस्थिति के आधार पर 1600-1600 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं यशमिता देवांगन, आदित्य कोरी एवं रीना मिराज को उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए 600-600 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य सौरभ सिंह ठाकुर, डी.डी.ओ. एवं लाइब्रेरियन बिहारी लाल पटेल सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में कुल 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि छात्र-छात्राओं को वितरित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित करना रहा।







