24 वर्षों से सेवा का दीप जला रही विप्लव समिति, नंदेली में 250 बच्चों के साथ मनाया दीपोत्सव …

जांजगीर-चांपा। विगत 24 वर्षों से सेवा और संवेदना का संदेश दे रही विप्लव शिक्षण एवं कल्याण समिति ने इस वर्ष भी दीपावली की खुशियां बच्चों के बीच बांटीं। गुरुवार 5 नवंबर को विकासखंड पामगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव नंदेली स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में विप्लव दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 250 बच्चों के साथ दीपावली मनाई गई।


इस अवसर पर बच्चों को पटाखे, दीये, मिठाई, अध्ययन सामग्री, खेल सामग्री एवं अन्य उपहार वितरित किए गए। संस्थापक सदस्य डॉ. अश्वनी राठौर, विकास मिश्रा एवं व्याख्याता दीपक कुमार यादव ने संस्था की स्थापना और उसके सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि विप्लव का यह अभियान समाज के हर वर्ग तक सेवा और संवेदना का संदेश पहुंचाने का प्रयास है।
कार्यक्रम में ग्राम के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दिवंगत पंचकौड़ प्रसाद पांडेय ‘बाजा मास्टर’, दिवंगत भागवत प्रसाद शर्मा, शिक्षक रहे दिवंगत किशोरीलाल शर्मा तथा ग्राम के वरिष्ठ दिवंगत गेंद राम यादव का स्मरण किया गया। संस्था की ओर से ग्राम के वरिष्ठजनों को शाल, श्रीफल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डॉ. परस शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। डॉ. परस शर्मा ने अपने पिता की स्मृति में संस्था के सदस्यों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हरीश गोपाल ने किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 की दीपावली पर शिक्षक दीपक कुमार यादव की सोच से शुरू हुआ यह सामाजिक अभियान आज जिले में सेवा और सामाजिक चेतना की मिसाल बन चुका है। संस्था द्वारा अब तक सिवनी, पाली, कन्हाईबंद, खोखरा, खैरा, हरदी महामाया, पेन्डरी, डोंगरी पीथमपुर, देवरघटा, मोहतरा सहित अनेक गांवों में दीपोत्सव का आयोजन किया जा चुका है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों एवं सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बच्चों के चेहरे पर दीपावली की खुशियां देखकर आयोजन में शामिल लोगों ने इसे सेवा, सामाजिक एकता और संवेदना का प्रेरणादायक प्रयास बताया।


