

🔴 सरगुजा संभाग के छह जिलों में उत्साह से मनाया गया आंगन मिलन सेवा उत्सव। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का हुआ सम्मान, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी….
जांजगीर-चांपा। सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में आंगन मिलन सेवा उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के योगदान को सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों, माताओं और परिवारों को पोषण एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देशानुसार श्रीमती मीरा मिहिर पतकी को सरगुजा संभाग के लिए कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।
बच्चों को पौष्टिक आहार की दी जानकारी – कार्यक्रम में बच्चों को मुनगा भाजी सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वहीं गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को स्वास्थ्य, पोषण तथा उनके लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
खिलौना दान और न्योता भोज करने वालों का सम्मान – आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना दान करने तथा न्योता भोज के माध्यम से सहयोग करने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्रीमती मीरा मिहिर पतकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। आंगन मिलन सेवा उत्सव इसी भावना को आगे बढ़ाने वाला कार्यक्रम रहा।



