

जांजगीर-चांपा।थाना पामगढ़ पुलिस ने मवेशियों को कथित रूप से अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मवेशियों को मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55 वर्ष) अपने साथियों के साथ मवेशियों को हांकते हुए डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का योगदान रहा।



