

चांपा। विद्युत विभाग द्वारा बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर 22 सितंबर 2026 को चांपा संभाग सहित पूरे सर्कल में वृत्त स्तरीय मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया। मुख्य अभियंता मनीष तनेजा के निर्देशन एवं अधीक्षण अभियंता अमर चौधरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बकायादार उपभोक्ताओं पर सख्ती बरती गई।
अभियान के लिए पूरे सर्कल के सहायक अभियंताओं एवं कनिष्ठ अभियंताओं को शामिल करते हुए कुल 17 टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने चांपा जोन, नैला जोन, सिवनी, मड़वा और जांजगीर क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की।
109 उपभोक्ताओं के काटे बिजली कनेक्शन – मास डिस्कनेक्शन अभियान के दौरान कुल 109 बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इन उपभोक्ताओं पर कुल 57.76 लाख रुपये की बकाया राशि थी। विभागीय टीमों ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
173 उपभोक्ताओं से 29.61 लाख की वसूली – अभियान के दौरान विभाग ने बकाया बिजली बिल जमा कराने के लिए भी कार्रवाई की। कुल 173 उपभोक्ताओं से 29.61 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने क्षेत्र में पहुंचकर उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया।

21 उपभोक्ताओं पर धारा 138 का प्रकरण – विद्युत बिल से संबंधित मामलों में 21 उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बकाया राशि की वसूली और विद्युत नियमों के पालन को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान पूरे सर्कल के कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंता मौके पर मौजूद रहे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक कार्रवाई से बचने के लिए अपने लंबित विद्युत बिलों का समय पर भुगतान करें।



