Uncategorized

सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, चांपा में हुई अहम बैठक …

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सराफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में तथा सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में एसडीओपी कार्यालय चांपा में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान सराफा व्यापारियों को उनकी दुकानों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने ज्वेलर्स दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, मजबूत शटर (दरवाजा) लगाने, लॉकर को सुरक्षित एवं सुदृढ़ रखने तथा सायरन सिस्टम की व्यवस्था करने की सलाह दी।
इसके साथ ही व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने, किसी भी शंका की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने यह भी कहा कि व्यापारी बाजार में दुकान लगाने या बंद करने के दौरान अकेले न जाएं और आते-जाते समय अनावश्यक रूप से कहीं न रुकें।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सराफा व्यापारियों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाए रखें और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

Related Articles