SBI CSR की मोबाइल एम्बुलेंस से मुफ्त कैंसर जांच, जांजगीर-चांपा में विशेष स्वास्थ्य अभियान …





जांजगीर-चांपा। स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में State Bank of India के CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत जिले को एक बड़ी सौगात मिली है। SBI CSR द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से महिलाओं की स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जा रही है।


यह विशेष स्वास्थ्य अभियान जिले में लगातार 20 दिनों तक चलेगा। सामान्यतः निजी जांच केंद्रों में जिन जांचों पर करीब 5000 रुपये तक का खर्च आता है, वही जांच इस मोबाइल एम्बुलेंस में बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होगी। अभियान की शुरुआत पहले पांच दिनों तक जिला अस्पताल जांजगीर में की जाएगी। इसके पश्चात मोबाइल एम्बुलेंस बारी-बारी से जिले के सभी ब्लॉक स्तरों पर पहुंचकर जांच करेगी। जिला अस्पताल के बाद यह एम्बुलेंस दो दिनों तक बीडीएम अस्पताल में भी सेवाएं देगी। वर्तमान समय में कैंसर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार समय पर जांच कराने से बीमारी की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही हो सकती है, जिससे इलाज आसान और प्रभावी हो जाता है। इसी उद्देश्य से यह मोबाइल जांच सेवा शुरू की गई है।



स्वास्थ्य विभाग ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जांच कराने की अपील की है। साथ ही, अनुरोध किया गया है कि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान की जानकारी अन्य लोगो तक भी पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा इसका लाभ उठा सकें।






