
चांपा। नशे के दुष्प्रभावों और अवैध कारोबार से लोगों को दूर रखने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को मेहंदीपारा चांपा में विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो …

चांपा। नशे के दुष्प्रभावों और अवैध कारोबार से लोगों को दूर रखने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को मेहंदीपारा चांपा में विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान चलाकर नशामुक्त और स्वच्छ समाज का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अमरदीप खटकर, चांपा सेवा संस्थान के पुरुषोत्तम शर्मा, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व से ही महिला कमांडो का गठन किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब शहरी क्षेत्र में भी पहली बार महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की सहभागिता से नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना और मोहल्ले में सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मेहंदीपारा एवं आसपास के नागरिकों से संवाद कर उन्हें नशे के सेवन और नशे के अवैध कारोबार से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। लोगों से परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों को रोकने के लिए पुलिस के साथ समाज के सभी वर्गों का समन्वित प्रयास आवश्यक है।

कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन ने ऐसे लोगों को रोजगार एवं व्यवसाय से जोड़ने की दिशा में पहल करने की बात कही, जो नशे के अवैध कारोबार से दूर होकर सम्मानजनक आजीविका अपनाना चाहते हैं। उनकी रुचि और हुनर के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आवश्यक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया, ताकि संबंधित लोगों को आय के वैकल्पिक साधन उपलब्ध हो सकें। महिला कमांडो के गठन के साथ ही मेहंदीपारा एवं आसपास के क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से नशे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय सहयोग करने, नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की। साथ ही युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त समाज–स्वस्थ समाज” की दिशा में मेहंदीपारा को आदर्श मोहल्ला बनाने के संकल्प के साथ हुआ।



