

चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को चांपा नगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नगर के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अमृत भारत रेलवे स्टेशन चांपा, चांपा गुरुद्वारा, महामाया मंदिर जगदल्ला, बैरियर चौक स्थित आजाद चौक, सुभाष चौक, राधा-कृष्ण मंदिर, समलाई मंदिर, अटल परिसर, समलाई मंदिर भोजपुर और जगन्नाथ मंदिर बड़े मठ सहित नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। दीपों की रोशनी से नगर के प्रमुख स्थल जगमगा उठे।
एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान – उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देश, प्रदेश और जिलेभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

इसके अंतर्गत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा और राष्ट्रनिर्माण के प्रति संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। चांपा में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम इसी अभियान की कड़ी के रूप में संपन्न हुए।



